दोघट। क्षेत्र के एक गांव में तमंचे के बल पर किशोरी का अपहरण करने आए युवक को पकड़कर लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने किशोरी के साथ दुष्कर्म और अपहरण का प्रयास करने का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर में बताया कि उसके पड़ोसी के मकान में कुलदीप शर्मा निवासी माजरा कला जनपद महेंद्रगढ़ हरियाणा नौकरी करता था। कुलदीप ने पांच माह पहले उसकी 15 वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली थी। जिसके बाद वह भाग गया। आरोपी ने फोन कर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसकी भतीजी पर शादी करने का दबाव बनाया। 29 दिसंबर की शाम आरोपी युवक तमंचा लेकर उनके घर पहुंच गया और तमंचा दिखाकर उसकी भतीजी का अपहरण कर ले जाने लगा। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और थाने ले जाकर पुलिस को सौंप दिया।
थाना प्रभारी सोनवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि आरोपी कुलदीप शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।