बागपत। यमुना नदी में कटान रोकने के लिए दो ठोकरों के निर्माण की मंजूरी मिली है। सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह की तरफ से भेजे गए प्रस्ताव पर शासन से सात करोड़ 35 लाख रुपये का बजट मंजूर किया है। सिंचाई विभाग जल्द ही ठोकरों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करेगा।
यमुना नदी के बरसात के दिनों में उफान पर आने के बाद सिसाना, बागपत का पुराना कस्बा, जागोस समेत कई गांवों में मिट्टी कटान होता रहता है। जिससे हादसे होने का भी खतरा बना रहता है। कुछ दिन पहले ही बागपत के पुराने कस्बे, सिसाना व जागोस गांव के ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह से मुलाकात कर कटान रोकने के लिए ठोकरों का निर्माण कराने की मांग की थी।
सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर ने बताया कि ग्रामीणों की मांग को देखते हुए सांसद ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को इसकी जानकारी दी और इसके लिए उनको प्रस्ताव भी सौंपा। जिस पर बाढ़ नियंत्रण परियोजना के तहत सिंचाई विभाग ने यमुना में ठोकर बनाने के लिए आने वाले खर्च का ब्योरा बनाया।
उन्होंने बताया कि शासन ने पुराना कस्बा बागपत व जागोस गांव में बाढ़ नियंत्रण परियोजना के तहत दो ठोकरों का निर्माण कराने के लिए सात करोड़ 35 लाख रुपये बजट की मंजूरी दी। इसके अलावा सिसाना गांव में भी ठोकर का निर्माण कराने के प्रस्ताव बनाया जा रहा है।