संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर लोनिवि गेस्ट हाऊस के सामने शनिवार शाम को सपा नेता के भाई प्रॉपर्टी डीलर यूसुफ हत्याकांड के गवाह अक्षय और सिपाही हरिओम को स्काॅर्पियो से टक्कर मारने के बाद कुचलने का प्रयास किया गया। इसके बाद हमलावर वहां से भाग गए। घायल गवाह और सिपाही का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से उनको हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। नौरोजपुर गुर्जर गांव निवासी कोकब ने बताया कि 28 फरवरी 2024 को उसके भाई प्रॉपर्टी डीलर यूसुफ की खुब्बीपुर निवाड़ा गांव स्थित कार्यालय में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसमें गांव का अक्षय भी गवाह है। आरोप है कि हत्यारोपी पक्ष के लोग उन पर समझौता करने का भी दबाव बना रहे हैं। बताया कि शनिवार को गवाह अक्षय किसी काम से बागपत आया था। शनिवार शाम वापस लौटते समय राष्ट्र वंदना चौक से गौरीपुर मोड़ जाने के लिए सिपाही हरिओम की बाइक पर लिफ्ट ले ली। सिपाही हरिओम बड़ौत कोतवाली में तैनात है। बताया कि दोनों जैसे ही लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाऊस के सामने पहुंचे तो स्काॅर्पियों गाड़ी में सवार छह-सात युवक वहां आए और बाइक में टक्कर मारकर दोनों को सड़क पर गिरा दिया। आरोप है कि इसके बाद अक्षय और हरिओम को दो बार गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई तो हमलावर गाड़ी लेकर भाग गए। राहगीरों ने घायलों को निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ के मेडिकल में रेफर कर दिया।