एसपी के निर्देश पर मां-बेटे सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कोर्ट रोड निवासी एक महिला ने मां-बेटे पर मकान का बैनामा कराने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। रुपये वापस मांगने पर घर में घुसकर मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का भी आरोप है। इस शिकायत पर एसपी अभिषेक सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने मां-बेटे सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कोर्ट रोड निवासी मिथलेश पत्नी हीरा ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया उसने मकान खरीदने के लिए नगर निवासी राकेश की पत्नी राजबाला और उसके बेटे डब्बू को 15 लाख रुपये दिए थे। आरोप है कि रुपये लेने के बाद न तो मकान का बैनामा कराया गया और न ही रुपये वापस दिए गए। 29 जनवरी को उसने अपने रुपये वापस करने के लिए दबाव बनाया तो राजबाला, उसके पुत्र डब्बू और एक अन्य युवक ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। छेड़छाड़ करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। उसने कोतवाली में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मां-बेटे सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।