रटौल। लहचौड़ा गांव में मंगलवार की सुबह देवता पर पूजा करने जा रही दिव्यांग महिला सविता को सांड़ ने सींगों पर उठाकर गिरा दिया। इससे दिव्यांग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके हाथ, पसली समेत चार जगह से हड्डी भी टूट गई। घायल का मेरठ के अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
लहचौड़ा गांव दिव्यांग महिला सविता मंगलवार की सुबह जैसे ही यादव चौक पर पहुंची तो सांड़ ने सींगों से महिला को उठाकर हवा में उछालकर पटक दिया। तभी आसपास खड़े लोग दौड़कर वहां आए और लाठी-डंडों से सांड़ को भगाकर महिला को बचाया। वहां आए परिवार वाले घायल महिला को खेकड़ा के निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां से उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद मेरठ के निजी अस्पताल में एक्सरे कराया गया तो उनकी चार हड्डी टूटी हुईं मिली। ग्रामीणों ने अफसरों से सांड़ को पकड़वाने की मांग की।
20 से अधिक लोगों पर कर चुका है हमला
ग्रामीण राजकुमार, सुनील शर्मा, विनोद आदि ने बताया कि कई साल से गांव में सांड़ घूमता रहता है। इससे पहले गांव के ही भाकियू नेता शिवदत्त शर्मा, रघुनंदन शर्मा, नरेश यादव, राजू, रूपबती, प्रेमकांत, बाबू, रामी, माया देवी, धर्मपाल, रमेशकली समेत 20 से अधिक लोगों को घायल कर चुका है। सांड़ के चलते अभिभावक खुद ही बच्चों को स्कूल तक छोड़ने जाते हैं। कई बार अधिकारियों से भी शिकायत की गई, लेकिन सांड़ नहीं पकड़ा गया।
वर्जन-सांड को पकड़वाने के लिए टीम बुलाई गई है। जल्द ही ग्रामीणों के साथ मिलकर सांड़ को पकड़वाकर गोशाला भेजा जाएगा। इसके अलावा अन्य गाोवंशों को भी पकड़वाया जाएगा। - हरिओम त्यागी, पंचायत सचिव, लहचौड़ा