बागपत। संविधान निर्माता डॉ. बीआर आंबेडकर की जयंती पर बुधवार को चौहल्दा गांव में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने तलवार से केक काटा। इस दौरान कोरोना गाइडलाइन का भी उल्लंघन किया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि पुलिस इस मामले से अनभिज्ञ रही।
डॉ. भीमराव आंबेडकर की 130वीं जयंती बुधवार को मनाई गई थी। जिलेभर में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए थे। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं की ओर से चौहल्दा गांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें 21 किलो के केक मंगाए गए थे। कार्यक्रम में भीम आर्मी के मेरठ मंडल प्रभारी जीशान हयात, जिलाध्यक्ष समीर खान, जिला उपाध्यक्ष रवींद्र तोमर, जिला संयोजक दीपक, नगर अध्यक्ष साहिल अली, जिला संगठन मंत्री अक्षय कुमार, जिला महासचिव संजय कुमार, जिला सचिव प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
यहां पर भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने तलवार से केक काटा। इतना ही नहीं कोरोना गाइडलाइन की भी धज्जियां उड़ाईं। कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मास्क नहीं थे। सामाजिक दूरी का भी ध्यान नहीं रखा गया। कई बच्चे भी कार्यक्रम में शामिल थे। जिन्हें केक बांटा गया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही इससे अनभिज्ञता जताते हुए जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।