फर्जी तरीके से जीएसटी नंबर लेकर कारोबार करने वाला पकड़ा
किसी अन्य व्यक्ति के कागजात लगाकर लिया था जीएसटी नंबर
बकाया हो गया था 1.90 करोड़ का टैक्स, सरिये से भरा ट्रक पकड़ने के बाद पुलिस ने शुरू की थी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। कोतवाली पुलिस ने फर्जी तरीके से जीएसटी नंबर लेकर अलग-अलग जनपदों में करोड़ों का कारोबार कर टैक्स का चूना लगाने वाले शातिर को गिरफ्तार किया है।
पकड़ा गया आरोपी इमरान पिलखवा जनपद हापुड़ का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि इमरान ने गत वर्ष शाहपुर बड़ौली गांव के युवक अमित को बैंक से लोन दिलाने का झांसा देकर दस हजार रुपये, आधार कार्ड, पैन कार्ड और दो फोटो ले लिए थे। इसके बाद जीएसटी कार्यालय पर जाकर अमित के कागजात जमा करते हुए अमित के नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर जीएसटी नंबर ले लिया था। मोबाइल नंबर अपना दर्ज करा दिया था, ताकि जो मेसेज मिले, वह अमित के पास न जाए। इसके बाद आरोपी इमरान ने मुजफ्फरनगर, हापुड़, खुर्जा सहित अन्य जगहों पर सरियों का कारोबार शुरू किया। इस दौरान गत वर्ष ही मेरठ में उसका सरियों से भरा एक ट्रक पकड़ा गया था। जांच में उस पर लगभग 1.90 करोड़ का टैक्स बकाया मिला। मेरठ व स्थानीय पुलिस बड़ौली गांव में अमित के यहां आई और बताया कि तुम्हारा ट्रक पकड़ा गया है। इस पर अमित ने अपना ट्रक न होने की बात कही। अमित ने सारी बात बताई। साथ ही इमरान व उसके ममेरे भाई आजाद निवासी पिलखवा के खिलाफ कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी थी। मंगलवार रात इमरान को दिल्ली बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया। बुधवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।