-सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई पूरी घटना, पुलिस ने किया मामला दर्ज
बड़ौत। गांधी रोड स्थित फोटो स्टेट की दुकान पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक व्यक्ति का एक लाख रुपये से भरा बैग गायब हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें पूरी घटना कैद थी। बैग चोरी करते हुए एक युवक दिखाई दिया। फिलहाल तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सूप गांव निवासी शरणवीर पुत्र करण सिंह भारतीय स्टेट बैंक से एक लाख रुपये निकालकर लाया था। इस दौरान वह एक जरूरी कागजात की फोटो कॉपी कराने के लिए गांधी रोड स्थित फोटो स्टेट की दुकान पर पहुंचा। फोटो कॉपी कराने के बाद दुकानदार को पैसे देने लगा, तो उसका बैग वहां से गायब था। इस पर उनसे दुकानदार व उसके कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने जब दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो शरणबीर का पैसों से भरा बैग एक युवक चोरी करते दिखाई दिया। सीओ विजय चौधरी ने बताया कि शरणबीर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर युवक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।