बड़ौत। तहसील दिवस पर पूरे दिन तहसील धरना-प्रदर्शनों से गूंजती रही। किसी ने ग्राम प्रधान व सेक्रेटरी द्वारा बीपीएल कार्ड बनाने में पैसे मांगने पर तहसील पर धरना दिया, तो किसी ने विद्युत समस्या और फुंके ट्रांसफार्मर को लेकर हंगामा-प्रदर्शन और नारेबाजी की। मौके पर मौजूद एसडीएम और सीओ ने समस्याएं सुनीं और आश्वासन देकर कार्रवाई की बात की।
मंगलवार को तहसील पर आए लुहारी के ग्रामीणों ने प्रधान और सेक्रेटरी पर बीपीएल कार्ड बनाने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगाते हुए तहसील में धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने कहा कि बीपीएल कार्ड न बनने पर उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभागीय अधिकारियों से भी शिकायत की गई, पर कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में एसडीएम को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालोें में लतीफ, राजकुमार, सुनील, राजीव, पुष्पा, नेहा, राजकली, बिमला, देवी सिंह, निर्मला आदि शामिल रहीं। उधर, प्रधान राजपाल ने आरोप निराधार बताया।
वहीं जौहड़ी गांव से आए यूनुस, इकबाल, शीशपाल, रसीद, नवीन, गुलाब, गुलफाम आदि ने भी बीपीएल कार्ड बनाने पर सेक्रेटरी प्रवेंद्र पर पैसे मांगने का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। सौंटी गांव की ग्राम प्रधान संजीता ने गांव से 11 हजारी विद्युत लाइन हटाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
वहीं जौहड़ी गांव के प्रमोद, महबूब, इस्लाम, पिन्टू, यासीन, यूनू, हनीफ आदि ने पिछलें 15 दिनों से फुंके विद्युत ट्रांसफार्मर को लेकर हंगामा कर एसडीएम से निराकरण की मांग की। गावड़ी गांव से आए दिनेश, अमीनचंद, सुखपाल, राजीव, सोमपाल आदि ने दबंगों से चकरोड को कब्जा मुक्त कराने को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम और सीओ ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कार्रवाई का आश्वासन दिया।