बागपत। कोतवाली के सामने एक युवक दो साल के बच्चे को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया। बच्चे की जेब से दो कागज निकले, जिसमें लिखा था कि बच्चे को बुलंदशहर जनपद की कोतवाली सिकंदराबाद पहुंचा देना।
सोमवार की सुबह करीब दस बजे एक युवक करीब दो साल के बच्चे को लेकर बागपत कोतवाली के सामने पहुंचा। युवक ने वहां पर ठेली लगा रहे एक व्यक्ति से कहा कि वह दो मिनट में आ रहा है। यह बच्चा यहां पर बैठा हुआ है। इसका ध्यान रखना। वहां बच्चे को छोड़कर चला गया। दोपहर करीब दो बजे तक भी युवक वहां पर नहीं पहुंचा। बच्चा बुरी तरह से रोता रहा। ठेली वाले ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस बच्चे को कोतवाली ले आई। बच्चे की तलाशी ली तो बच्चे की जेब से दो कागज निकले। जिसमें लिखा था कि बच्चा को बुलंदशहर जनपद की सिकंदराबाद कोतवाली पर पहुंचा देना। कोतवाली पुलिस ने वायरलेस से सिकंदराबाद कोतवाली को मामले की जानकारी दी। सिकंदराबाद कोतवाली में शहर के मोहल्ला रामपुरा निवासी उमेश ने शनिवार को अपने दो वर्षी पुत्र शिवम की गुमशुदगी दर्ज कराई है। उमेश ने अपने पड़ोसी पर ही अपने पुत्र के अपहरण करने का आरोप लगाया था।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी आरके सिंह यादव का कहना है कि बच्चे की सिकंदराबाद कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज है। वहां की पुलिस को बच्चे के बरामद होने की जानकारी दे दी गई है।