एसपी कार्यालय पर किया प्रदर्शन
बागपत। आर्य समाज मंदिर अग्रवाल मंडी टटीरी को लेकर दो पक्षों में झगड़े की आशंका बनी है। एक पक्ष के लोगों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन कर दूसरे पक्ष को मुचलका पाबंद कराने की मांग की। पुलिस पहले ही एक पक्ष को मुचलका पाबंद करा चुकी है। एसपी ने निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आर्य समाज मंदिर अग्रवाल मंडी टटीरी के काफी संख्या में सदस्य एसपी दफ्तर पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे काफी समय से आर्य समाज मंदिर के सदस्य हैं। कस्बे के ही कुछ लोग जबरन मंदिर पर कब्जा करना चाहते है। विपक्षियों ने साजिश के तहत बिना झगड़े के पुलिस को गुमराह कर उन्हें मुचलका पाबंद करा दिया। विपक्षी कभी भी झगड़ा और यज्ञ में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। दूसरे पक्ष को भी मुचलका पाबंद किया जाए। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में कपिल कुमार, अश्वनी, आदित्य, राज सिंह, अवनीश, बिरमेश, प्रमोद आदि शामिल रहे।