बागपत। शिक्षकों की लंबित प्रकरणों का समाधान नहीं होने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के सदस्यों ने रोष व्यक्त किया। बृहस्पतिवार को संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में माध्यमिक इंटर कॉलेजों के शिक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर में एकत्र हुए। यहां लंबित प्रकरणों के समाधान न होने पर इसकी समीक्षा की गई। विभागीय अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया।
वक्ताओं ने कहा कि लेखा संगठन की कार्यशैली से वेतन अनुदान अभी तक प्रस्तुत नहीं हो सका है। इस वजह से जुलाई माह का वेतन भुगतान अटक गया है। नई पेंशन योजना का सरकारी अंशदान शिक्षकों के खाते में नहीं भेजा गया है। पिछले वर्ष बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन के तहत यमुना इंटर कालेज में जांची गई कापियों का भुगतान भी अभी तक नहीं हो सका है। शिक्षकों ने नाराजगी जताई कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन पुनरीक्षण की पत्रावली उप शिक्षा निदेश और मेरठ को नहीं भेजी जा रही है।
डीआईओएस बृजेन्द्र कुमार ने बताया कि नई पेंशन योजना के सरकारी अंशदान की फरवरी से जून 2018 तक की धनराशि एक सप्ताह में और शिक्षकों के खातों में मूल्यांकन की धनराशि तीन दिन के भीतर भेज दी जाएगी। जिलाध्यंा बल्लम सिंह शर्मा, इंद्रपाल सिंह, अजयराज शर्मा, जितेंद्र, पंकज शर्मा, सतवीर सिंह, सूबे सिंह, मनमोहन मौजूद रहे।