बड़ौत (बागपत)।
अमर उजाला मेें प्रमुखता से प्रकाशित की खबर मौत बनकर बच्चों के सिर पर झूल रही विद्युत लाइन से विद्युत निगम के अफसरों में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेकर विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता ने जेई को मौके पर भेजकर विद्यालय के ऊपर से लाइन हटाने के निर्देश दिए। एसई के निर्देश पर लाइन हटवा दी है, इससे अभिभावकों और बच्चों मेें खुशी की लहर दौड़ गई, उन्होंने अमर उजाला का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि करीमपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर दो के ऊपर से विद्युत लाइन गुजरी हुई थी, कई बार लाइन के तार टूटने विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों पर गिर गया था, गनीमत रही कि उस समय सप्लाई ठप थी। समस्या को लेकर कई बार ग्रामीणों, शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रधान बिल्लू उर्फ नीरज के नेतृत्व मेें प्रदर्शन कर विभागीय अफसरों सहित प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की , लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया तो विद्युत निगम के अफसरों मेें हड़कंप मच गया। बच्चों के साथ कोई हादसा न हो, इसको लेकर एसई रामबीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेकर टीम को गांव भेजकर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए। एसई रामबीर सिंह के निर्देश पर जेई गुलशन कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर जाकर स्टीमेट बनाकर लाइन को विद्यालय के ऊपर से हटा दिया। इससे ग्रामीणों मेेें हर्ष की लहर दौड़ गई। प्रधान बिल्लू उर्फ नीरज ने कहा अमर उजाला हमेशा ही जनसमस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित करने का काम करता है। इसके लिए अमर उजाला का आभार है। जेई गुलशन ने बताया कि लाइन को हटवा दिया गया है। खुशी और अमर उजाला का आभार जताने वालों मेें अंकित, सूरज, प्रदीप, नितिन, संजय, दीपक, सुरेश, प्रमोद, संजय, अरविंद, सुनील, प्रवेंद्र आदि रहे।