बड़ौत (बागपत)। डायट पर तीन दिवसीय पावर एंजिल प्रशिक्षण में मंगलवार को सीओ खेकड़ा ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के टिप्स दिए। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीओ खेकड़ा वंदना शर्मा, बीएसए योगराज सिंह, जिला समन्वयक राजलक्ष्मी पांडे, वार्डन मधु त्यागी ने किया।
इसमें बतौर मुख्य अतिथि सीओ वंदना शर्मा ने कहा वर्तमान समय में बेटी घर से बाहर निकलकर लड़कों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। हर क्षेत्र में लड़कों को पछाड़कर परिजनों का नाम रोशन कर रही हैं, लेकिन इसके बाद भी बहुत से लोग बेटी को हीन भावनाओं से देखते हैं। उन्होंने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के टिप्स के साथ-साथ क्षेत्र में किस प्रकार एफआईआर दर्ज होती है, महिलाएं और बालिकाएं अपने अधिकारों की रक्षा कैसे कर सकती हैं, बाजार व घर के बाहर छेड़छाड़ करने वाले मनचलों को कैसे सबक सिखाया जा सकता है, इस बारे में टिप्स दिए। द्वितीय सत्र मेें एडवोकेेट अनुराधा शर्मा और अंजू शर्मा ने घरेलू हिंसा, बाल विवाह को रोकने के लिए जानकारी दी। इसमें सुधीर वशिष्ठ, नीरज तोमर, मधु खोखर, डॉ. छाया आदि रहे।