यजुर्वेद पारायण महायज्ञ का पूर्णाहुति के साथ समापन
बिनौली (बागपत)। सिद्ध गुरु पीठ नीलकंठ आश्रम, जिवाना गुलियान में चल रहे पांच दिवसीय यजुर्वेद पारायण महायज्ञ का सोमवार को पूर्णाहुति के साथ समापन हो गया। यज्ञ में आहुतियां देकर विश्व शांति की कामना की गई।
आश्रम के पीठाधीश सिद्ध गुरु महाराज ने कहा कि परमार्थ से मनुष्य को जीवन में मोक्ष मुक्ति मिल सकती है। आज मनुष्य सांसारिक भोग विलास और भौतिक साधनों में फंसकर परमात्मा की भक्ति को भूल गया है। इससे उसका जीवन दु:खमय बन जाता है। परिवार की सुख शांति भी नहीं रहती।
उन्होंने कहा कि सद्गुरु के बताए मार्ग पर चलकर सच्ची श्रद्धा से परमात्मा की भक्ति से जीवन में सुख-समृद्धि आती है। उन्होंने कहा कि हर समय परमात्मा को याद करने वाले प्राणी को कोई कमी नही रहती। इस अवसर पर आचार्य अमित शास्त्री ने यज्ञ की पूर्णाहुति कराई। इसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां देकर विश्व कल्याण की कामना की। इस मौके पर भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसमें भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत, पूर्व विधायक सत्येंद्र सोलंकी, केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह की पत्नी अलका तोमर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी, प्रोफेसर बलजीत सिंह आर्य, डॉ. कृपाल सिंह, ओंकार सिंह आदि रहे।