खेकड़ा (बागपत)। पाकिस्तान की और से आतंकवाद की घटनाओं के विरोध में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किया और शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देकर सरकार से पाकिस्तान को मजा चखाने की मांग की। मंगलवार को रेलवे रोड पर युवा जमा हुए। उन्होंने आतंकी घटनाओं में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान सीधे युद्ध में हमेशा मुंह की खाता आया है। ऐसे में कायरों की तरह आतंकवादी भेजकर पीठ पीछे हमला कराता है। भारत सरकार को इसका मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। देश अपने वीर सैनिकों को आए दिन शहीद होते देख रहा है। एक स्वर में भारत सरकार से सीमापार सेना भेजकर आतंकियों के अड्डों को पूरी तरह तबाह करने और बीच में आने वाली पाक सेना को भी सबक सिखाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालो में विकास, अंकित, दिनेश, संजय, मोंटी, विपिन, सुनील, रोहित, हरीश आदि मौजूद रहे।