बागपत। सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक कॉलेज की छात्रवृत्ति एवं प्रवेश शुल्क प्रतिपूर्ति का डाटा फारवर्ड नहीं किए जाने पर समाज कल्याण विभाग में तैनात सहायक लेखाकार को निदेशक ने निलंबित कर दिया है। इसकी जांच के लिए डीडीओ को नामित किया। डीडीओ का कहना है कि प्रकरण की विस्तृत जांच होगी।
समाज कल्याण विभाग में छात्रवृत्ति के मामले में फर्जीवाड़े के कई बार आरोप लग चुके हैं। कॉलेजों के द्वारा आए दिन इसकी शिकायत अफसरों की जा रही थी। सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक कॉलेज के प्रबंधक ने समाज कल्याण में तैनात सहायक लेखाकार की पहले डीएम से छात्रवृत्ति एवं प्रवेश शुल्क प्रतिपूर्ति का डाटा फार्वड न करने की शिकायत की । जिला स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की । इसके बाद विभागीय उच्चाधिकारियों से शिकायत की । आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत र्की । कॉलेज के प्रबंधक ने शिकायत लखनऊ समाज कल्याण निदेशक राजप्रताप सिंह से भी की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए उन्होंने सहायक लेखाकार ब्रजमोहन शर्मा को निलंबित कर दिया है। इसकी जांच के लिए डीडीओ हुब लाल को नामित किया। निर्देशित किया तीन माह में जांच कर रिपोर्ट देंगे। डीडीओ ने बताया कि उन्होंने पहले भी एक मामले की जांच की थी, जिसमें आरोप सिद्ध पाया गया था। उन्हें जो जांच सौंपी गई है उस पर जल्द कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट समाज कल्याण निदेशक कार्यालय को भिजवा दी जाएगी।
सहायक लेखाकर ब्रजमोहन शर्मा का कहना है कि प्रकरण की पहले जिला स्तर से जांच हो चुकी है, जिसमें वह निर्दोष पाए गए थे। प्रकरण की हर तरह की जांच के लिए वह तैयार है।
ओडीएफ में लापरवाही पर नोटिस
बागपत। डीपीआरओ संजय कुमार यादव ने बताया कि गन्ना पर्यवेक्षक और ग्राम पंचायत अधिकारी ने ग्राम पंचायत किरठल, लूंब, असारा, सूप, रमाला, मुकन्दपुर को खुले में शौच मुक्त कराने में लापरवाही बरती है। लक्ष्य के सापेक्ष शौचालय पूर्ण न कराने एवं कार्यों में रुचि न लेने जैसे कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर मानक अनुसार शौचालय निर्माण के आदेश दिए , इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की। दोनों से स्पष्टीकरण मांगा है।