इस वित्तीय वर्ष में ब्रजनाथपुर और मोदीनगर मिल ने नहीं किया एक भी रुपये के बकाए का भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले के किसान बागपत के अलावा मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, हापुड़ और गाजियाबाद जनपद की 12 चीनी मिलों को गन्ने की सप्लाई करते है। इन मिलों पर किसानों का लगभग 895 करोड़ रुपये मिलों पर बकाया है। सत्र 2020-21 में ब्रजनाथपुर और मोदीनगर शुगर मिल ने इस सत्र के एक रुपये के बकाए का भी भुगतान नहीं किया है।
जिले के एक लाख 26 हजार 132 किसानों ने 12 मिलों में 278.98 लाख क्विंटल गन्ने की आपूर्ति की है। इस वित्तीय वर्ष में चीनी मिलों ने किसानों के लगभग 895 करोड़ दस लाख 59 हजार रुपये के बकाए के सापेक्ष 18 मार्च तक लगभग 93 करोड़ 29 लाख 35 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। शुक्रवार को पांच चीनी मिलों ने 45 करोड़ रुपये के बकाए का भुगतान की राशि बैंकों में स्थानांतरित की है। ब्रजनाथपुर मिल ने इस सत्र में एक भी रुपये का भुगतान नही किया है।
होली से पूर्व 45.09 करोड़ रुपये के बकाए का भुगतान
बागपत। जिला गन्ना अधिकारी डॉ अनिल कुमार भारती ने बताया कि होली से पूर्व बागपत शुगर मिल ने 915.82 लाख रुपये, मलकपुर मिल ने 23 मार्च को 1800 लाख व 26 मार्च को 1585 लाख रुपये, किनौनी मिल ने 185 लाख रुपये, दौराला मिल ने नौ लाख रुपये, भैंसाना मिल ने 14 लाख रुपये का भुगतान किया है। सरुरपुर के प्रगतिशील किसान सुभाष नैन का कहना है कि गन्ना बकाए का भुगतान नाकाफी है। भुगतान न होने के कारण किसानों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बिजली, गैस, डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने के बाद अब डाई की कीमत में बढ़ोत्तरी होने से किसान परेशान है।
-----------
जिले में किसानों का मिलों पर बकाए का ब्यौरा
मिल देय भुगतान अवशेष
बागपत 10365.66 2386.21 7979.45
रमाला 20903.65 5373.48 15530.17
मलकपुर 29884.41 00.00 29884.41
किनौनी 15969.71 153.11 15816.60
दौराला 307.01 224.18 82.83
नंगलामल 78.42 22.43 55.99
तितावी 1092.88 491.57 601.31
खतौली 684.64 464.20 220.44
भैंसाना 5744.45 2.00 5742.45
ऊन 2253.17 212.17 2041.00
ब्रजनाथपुर 348.80 0.00 348.80
मोदीनगर 1877.79 0.00 1877.79
कुल 89510.59 9329.35 80181.24
( नोट - आंकड़े 18 मार्च तक के है और राशि लाख रुपये में है)
चीनी मिलों को किसानों के बकाए का भुगतान करने के निर्देश दिए गए है। बकाए का भुगतान न करने पर मलकपुर मिल पर पूर्व में एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है। मलकपुर मिल ने 23 व 26 मार्च को किसानों के बकाए का भुगतान किया है। होली से पूर्व जिले के किसानों का लगभग 45 करोड़ रुपये का भुगतान कराया गया है। - डॉ अनिल कुमार भारती जिला गन्ना अधिकारी।