बड़ौत (बागपत)। अलावलपुर गांव में बुधवार को कई गांवों के ग्रामीणों की बैठक हुई, इसमें ग्रामीणों ने अलावलपुर-ईदरीशपुर हाल्ट पर जनता एक्सप्रेस के रोके जाने की मांग उठाई। इस दौरान ग्रामीणों ने रेलवे विभाग सहित केंद्रीय राज्यमंत्री को भी पत्र भेजा है।
बैठक में इदरीश पुर, अलावलपुर, बड़का, बाम, दौज्जा, खेड़की, आदि सहित कई गांवों के ग्राम प्रधानों व ग्रामीणों ने भाग लिया। इसकी अध्यक्षता ग्राम प्रधान रीना ने की। संचालन प्रवेश त्यागी ने किया। इसमें वक्ताओं ने कहा अलावलपुर व इदरीश पुर हाल्ट से प्रतिदिन एक दर्जन गांव के सैकड़ों यात्री प्रतिदिन आवागमन करते हैं। लेकिन दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर चलने वाले अधिकांश ट्रेन यहां बिना रुके ही गुजर जाती है। यदि जनता एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का यहां स्टॉपेज हो जाए तो ग्रामीणों को आवागमन के लिए सुविधा होगी और रेलवे विभाग का राजस्व बढ़ेगा। कई बार विभागीय अफसरों से मांग की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने रेलवे विभाग के अफसरों सहित केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। इसमें प्रवेश त्यागी, दीपक प्रधान, रीना, शांति, कमरूदीन प्रधान, बानो, किरण, धर्मवती, उमा देवी आदि रहे।