बड़ौत (बागपत)।
तहसील मेें किसान संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में चल रहे धरने के बीच एडीएम के आश्वासन पर शव को पीएम के लिए पुलिस को सौंपा और धरना समाप्त करने की घोषणा की, लेकिन देर रात फिर संघर्ष समिति ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा और 31 को पंचायत बुलाकर आगामी निर्णय लिया जाएगा।
शनिवार देर शाम रालोद के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी, सपा नेताओं और संघर्ष समिति के किसानों के बीच एडीएम लोकपाल ने पहुंचकर घोषणा की थी कि 12 लाख किसान के परिवार को दिए जाएंगे और अन्य मांगों को लेकर शासन को भेजा जाएगा और बिजली समस्याओं को एमडी से मिलकर दूर कराया जाएगा। इस पर किसान उदयवीर का शव पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंपा था और धरना समाप्ति की घोषणा की, लेकिन देर रात संघर्ष समिति के किसानों ने कहा कि पीड़ित परिवार को मुआवजा नहीं मिला और उनकी मांग पूरी नहीं होगी, धरना जारी रहेगा।
रविवार को भी समिति के तत्वावधान में जिले सिंह की अध्यक्षता और बलजोर सिंह शास्त्री के संचालन मेें धरना जारी रहा। संघर्ष समिति के जयवीर सिंह ने बताया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती। उनका धरना जारी रहेगा और 31 को महापंचायत बुलाई जाएगी। इसमें आगामी रणनीति तय होगी। धरना स्थल पर रविवार को गोंडा के किसान महेश के नेतृत्व में पहुंचे और उन्होंने भी किसानों की मांग को जायज बताया और धरने को समर्थन दिया। इसमें टोनी भारद्वाज, डॉ. हरिओम शर्मा, गोपाल, संजय राणा, पुष्पेंद्र पंवार, अमित कुमार, रामपाल, ब्रजपाल सिंह, जिले सिंह, रोहताश, वीर सैन, पवन कुमार, सूबे सिंह, यशपाल, रामवीर, सोनू, सुभाष चौधरी, रामफल आदि रहे।