बड़ौत (बागपत)।
शासन की मंशा के अनुसार आगामी अक्तूबर माह में हर घर में 24 घंटे आपूर्ति किए जाने के उद्देश्य से एसई ने निगम के कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के घरों में मीटर लगाने के निर्देश दिए। इसमें लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वे मंगलवार को नगर में कर्मचारियों की बैठक ले रहे थे। एसई ने बताया कि वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में 2 किलोवाट बत्ती व पंखा संयोजन का फिक्सड चार्ज 630 रुपये मासिक है, जो अप्रैल 2018 में टैरिफ के अनुसार बढ़कर 874 हो जाएगा। बताया कि मीटर्ड उपभोक्ता के यहां 100 यूनिट तक प्रति यूनिट 3.00 एवं 101 से 150 यूनिट तक प्रति यूनिट 3.50 रुपयेे, 151 से 300 तक 4.50 रुपये प्रति यूनिट, 301 से 500 तक पांच रुपये व 500 से अधिक यूनिट 5.50 रुपये हो जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे मीटर लगाकर बिजली का प्रयोग करें ताकि यूनिट के अनुसार ही विद्युत बिल आए।
आज बदले जाएंगे खराब एलईडी बल्ब
एसई रामबीर सिंह ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित 132 सब स्टेशन के विद्युत भंडार उपकेन्द्र पर बुधवार को कैंप लगाकर खराब एलईडी बल्ब बदले जाएंगे।