बागपत। फाल्गुनी माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया के शुभ मुहूर्त ने घर से निकले लोगों की हालत बिगाड़ कर रख दी। सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ी तो जाम का झाम खड़ा हो गया। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौत, खेकड़ा, बागपत और सरूरपुर कलां में दिनभर जाम की स्थिति रही। बाराती जाम खुलवाते दिखे। शाम के समय दूल्हा और दुल्हन की गाड़ी भी बड़ौत के जाम में फंस गई।
एक तरफ रविवार और दूसरी तरफ शादियों का शुभ मुहूर्त। लोग घर से निकले दावत उड़ाने के लिए, लेकिन जाम में फंसकर रह गए। खेकड़ा में जाम रहा। गौरीपुर मोड़ पर जाम की वजह से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। सरूरपुर कलां गांव से पहले गुफा वाले मंदिर के सामने हाईवे पर कई घंटे जाम की स्थिति बन गई। पूजा अर्चना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसी तरह पुलिस ने यहां जाम खुलवाया। बड़ौत की औद्योगिक पुलिस चौकी से लेकर बड़ौली तक वाहनों की कतार लग गई। सड़कों पर चार लाइन वाहनों की लगी रही। बारात में शामिल होने के लिए निकले लोग यहां जाम में फंसे रहे। जाम ने इतनी परेशानी खड़ी कर दी कि कई जगह बाराती खुद ही जाम खुलवाने के लिए निकल पड़े। दोपहर तीन बजे कुछ राहत मिली, लेकिन अंधेरा घिरते ही दोबारा से यहां जाम के हालात बन गए। पुलिस को दिनभर कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। मुजफ्फरनगर के बायवाला से बागपत के भड़ल चेक पोस्ट तक भी वाहनों की कतार लगी रही। मेरठ रोड पर बालैनी में जाम की स्थिति रही, यहां से भी लोग देहात के रास्तो से निकले।
बसें गायब, यात्री हो गए हलाकान
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, बड़ौत - मुजफ्फरनगर मार्ग, छपरौली रोड, मेरठ रोड समेत जिले के मार्गों पर बसों का टोटा रहा। दिनभर यात्री हलाकान रहे। डग्गामार वाहनों से सफर किया। अधिकतर लोगों बसों का घंटों तक इंतजार कर अपने-अपने घरों को लौट गए।
देहात के रास्ते चुने, गांव तक जाम
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम से बचने के लिए कुछ वाहन चालकों ने देहात के रास्ते भी चुने, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण गांवों में भी जाम लग गया। बड़ौत में नहर की पटरी, बिड़ौली, गौरीपुर, निवाड़ा में जाम की स्थिति बनीं रही।
जाम फंसी एंबुलेंस, बामुश्किल निकाला
बागपत। सरूरपुर कलां के निकट हाईवे पर मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत कर एंबुलेंस को निकाला जा सका।