बागपत। जिला अस्पताल में ओपीडी के समय कई चिकित्सक अपने कक्षों से सोमवार को घंटों गायब रहे। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया।
सर्दी में मरीजों की अस्पतालों में संख्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल में सोमवार सुबह ही मरीजों की लंबी लाइन लग गई । दोपहर तक यहीं सिलसिला जारी रहा। इस दौरान तीन चिकित्सक अपने कक्ष से घंटो नदारद रहे। मरीज चिकित्सकों की इंतजार में लाइन में खड़े रहे। आखिर में उनके सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने चिकित्सकों पर ड्यूटी में लापरवाही करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। बागपत के मुगलपुरा मोहल्ला निवासी महिला मेहरून का कहना है कि उसके पेट में दर्द हो रहा है। वह पिछले एक घंटे से चिकित्सक का इंतजार कर रही है। अमीनगर सराय के युवक इनाम का कहना है कि उसकी तबीयत खराब है। करीब आधा घंटे से लाइन में लगा हुआ है। इसी तरह अन्य मरीजों का कहना था। उनका आरोप था कि चिकित्सक अपने कक्षों को छोड़ आराम से बाहर घूम रहे हैं। कहने के बाद भी अपने कक्ष में नहीं आ रहे हैं। चिकित्सक ड्यूटी में लापरवाही कर रहे हैं। इसकी उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी। इस मौके पर रेशमा, खातून, नगमा, रेखा, पुष्पा, सुनीता, राजेश, हरपाल, सुरेंद्र, मोनू रहे। प्रभारी सीएमएस डॉ. अशोक लाठियान ने कहा चिकित्सकों ने अपने-अपने कक्ष में बैठकर मरीजों का इलाज किया है, दो चिकित्सक थोड़ी देर के लिए दूसरे काम से चले गए थे। बाद में उन चिकित्सक ने अपने रूम में पहुंचकर मरीजों का इलाज किया। मरीजों द्वारा लगाए गए आरोप गलत है।
बगैर इलाज किए कर दिया मरीज रेफर
बागपत। नगर के चमरावल रोड निवासी इस्लामू का कहना है कि उसके पिता भोले की सोमवार सुबह अचानक तबियत बिगड़ गई । उनको खून की उल्टी लगी , उनको तुरंत जिला अस्पताल लेकर आए। चिकित्सकों ने उनका अल्ट्रासाउंड किया। रिपोर्ट देखते ही हायर हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया। आरोप है कि कहने के बाद भी चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज नहीं किया। उनको इधर से उधर टरकाते रहे।