दोघट (बागपत)। कस्बा दोघट के जंगल में हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से किसान की दो बीघा गन्ने की फसल जल गई। पीड़ित किसान ने विद्युत निगम के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
कस्बे के जंगल में किसान चश्मवीर के खेतों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरती है। इस लाइन के तार पूरी तरह से जर्जर हाल में है और ढीले हो चुके है। ये आए दिन टूटकर गिरते रहते हैं। बृहस्पतिवार को किसान चश्मवीर के खेत में एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया और तार से उठी चिंगारी ने आग पकड़ ली। पता चलने पर किसान दौड़े और बिजलीघर पर सूचना देकर विद्युत सप्लाई बंद कराई। किसानों ने पानी, मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दो बीघा गन्ने की फसल आग की भेंट चढ़ चुकी थी। इस संबंध में चश्मवीर ने निगम के खिलाफ दोघट थाने में तहरीर दी है। उन्होंने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर मुआवजे की मांग की है।