बागपत। निकाय चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी प्रथम को प्रशिक्षण दिया । प्रशिक्षण में निकाय चुनाव की बारीकियों से कर्मचारियों को अवगत कराया। इस दौरान 25 मास्टर ट्रेनरों ने कर्मियों को प्रशिक्षण दिया ।
तीन नगर पालिका और पांच नगर पंचायत में तीसरे चरण में 29 नवंबर को मतदान होगा। इसकी तैयारी में प्रशासन जुटा है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बृहस्पतिवार को गेटवे इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में 25 मास्टर ट्रेनरों ने 611 पीठासीन अधिकारी और प्रथम मतदान अधिकारी को प्रशिक्षण दिया । एडीएम (वित्त/ उप निर्वाचन अधिकारी) लोकपाल सिंह ने कहा मतदान कार्मिक ड्यूटी को निर्भीक होकर करें। ड्यूटी में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। शाम पांच बजे तक मतदान कराया जाएगा। बाद में कोई मतदाता लाइन में लगता है तो उसका मतदान नहीं कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान हेतु मतदाता की पहचान के लिए 16 आईडी को स्वीकृति दी। इसमें से मतदाता के पास कोई एक पहचान पत्र होना अति आवश्यक है। 29 नवंबर को मतदान होगा, इसकी तैयारी हमें पहले करनी है। एक दिन पहले पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। उन्हें सभी दस्तावेज और स्टेशनरी उपलब्ध करा दी जाएगी। वोट डालने से पहले वोटर की पहचान कर ली जाए ताकि फर्जी मतदान न हो सके। इस दौरान परियोजना निदेशक एमएल पटेल, डीडीओ हुब लाल, सीवीओ डॉ. राजपाल सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी आनंद पाल सिंह आदि मौजूद रहे।
प्रशिक्षण में 21 कर्मचारी गैरहाजिर, होगी एफआईआर
पहले ही दे दी गई थी जानकारी, फिर भी नहीं पहुंचे अधिकारी
बागपत। जिले में होने वाले निकाय चुनाव के प्रशिक्षण में विभागों के अफसर लापरवाही बरत रहे हैं। प्रशिक्षण में 21 कर्मचारी नदारद रहे। कार्मिक प्रभारी ने बताया गैरहाजिर कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी और एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। निकाय चुनाव के लिए 632 पीठासीन अधिकारी और प्रथम मतदान अधिकारियों को तैनात की। चयनित सभी विभागों के कर्मचारियों को ड्यूटी पत्र भेजा। प्रशिक्षण की भी जानकारी दी थी। बृहस्पतिवार को गेटवे इंटर नेशनल पब्लिक स्कूल में सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया । 632 कर्मचारियों में 21 कर्मचारी गैरहाजिर रहे। इनमें 16 पीठासीन अधिकारी और पांच प्रथम मतदान अधिकारी शामिल हैं। गैरहाजिर रहे अधिकारियों की जानकारी अफसरों को मिली तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। निकाय चुनाव के लिए बनाए कार्मिक प्रभारी परियोजना निदेशक मोहनलाल पटेल ने बताया कि जो भी कर्मचारी अनुपस्थित रहा है उसके विभाग को इसकी जानकारी दी जाएगी। विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। दूसरा प्रशिक्षण 22 नवंबर को होगा।
सूची पर हस्ताक्षर करें प्रत्याशी
बागपत। निकाय में अध्यक्ष और सभासद के लिए 677 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। चुनाव आयोग के निर्देश है सभी प्रत्याशियों की सूची पर उनके हस्ताक्षर होने जरूरी हैं। तभी वह अपने एजेंट बना सकते हैं। निकाय चुनाव के सहायक निर्वाचन अधिकारी आनंद पाल सिंह ने बताया जिले में 677 प्रत्याशी चुनाव मैदान हैं। यदि प्रत्याशी के हस्ताक्षर नहीं मिले तो उन्हें एजेंट बनाने के लिए परेशानी होगी।
निकाय अध्यक्ष सभासद
बागपत 15 117
बड़ौत 09 188
खेकड़ा 05 82
सराय 13 30
टटीरी 16 42
दोघट 13 35
छपरौली 13 53
टीकरी 14 34
ड्यूटी हटवाने के लिए एडीएम से मिल कर्मचारी
बागपत। निकाय चुनाव का पीठासीन और प्रथम मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया । इसी दौरान चुनाव में ड्यूटी लगाने पर कुछ कर्मचारियों ने एडीएम वित्त लोकपाल सिंह से मुलाकात की। अपनी परेशानी से अवगत कराया। महिला कर्मचारियों ने अपनी पीड़ा को अफसरों के सामने रखा। एक कर्मचारी ने बताया वह दमे का मरीज है। ड्यूटी करने में परेशानी होगी। बीमारी के चलते डॉक्टर ने हाथ में ड्रिप लगा रखी है। अफसरों के सामने ही साथ में उनके परिचित ने उन्हें दवा पिलाई। इसके अलावा गर्भवती महिला ने बताया कि डिलीवरी का समय है। मतदान की ड्यूटी नहीं की जा सकती। एक ने अपने अन्य समस्या रखी। एडीएम ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया।