सहारनपुर। संचारी रोग नियंत्रण के तहत दस्तक अभियान में स्वास्थ्य टीमों ने 10.39 लाख से अधिक घरों का सर्वे किया। इस दौरान 815 बुखार, 147 टीबी के मरीज मिले। 58 कुपोषित बच्चे भी चिह्नित किए गए।
जिले में संचारी रोग नियंत्रण के तहत 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया गया था। इसमें 3129 टीमें गठित की गई थी। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि दस्तक अभियान में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर घर दस्तक दी। दरवाजे खटकाकर बुखार के मरीजों की जानकारी ली। अभियान के दौरान 10,39,909 घरों का सर्वे हुआ। 3128 बैठकें की गई। 815 वायरल बुखार के मरीज मिले। इनकी एहतियातन डेंगू और मलेरिया की जांच कराई गई। विभाग के लिए राहत की बात यह रही कि किसी में लक्षण नहीं मिले। इलाज शुरू कर दिया गया।
इनके अलावा 147 टीबी रोगी भी मिले। जिनका इलाज शुरू किया गया, ताकि समय से दवा चलकर ठीक हो सके। क्योंकि 2025 तक जिले को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य है। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि दस्तक अभियान में डेंगू का लार्वा भी मिला है। यहां एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया। बरसात का मौसम चल रहा है, इसलिए टीमों को सक्रिय कर दिया है। डेंगू लार्वा जांच चलेंगी।