किसी वाहन ने शहर में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गैस एजेंसी के पास बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के चचेरे भाई ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पाबला गांव निवासी सागर (18) पुत्र प्रदीप धामा कक्षा 11 का छात्र था। अपने चचेरे भाई विपिन पुत्र दीपक के साथ बाइक पर सवार होकर बागपत में गैस एजेंसी पर सिलेंडर बुक कराने आया। चचेरे भाई विपिन ने बताया कि सागर बाइक चला रहा था। गैस एजेंसी से बाजार में सामान लेने के लिए चले। जब वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पहुंचे तो किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे सागर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर भीड़ लग गई। लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर किया। परिजन घायल को निजी अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में छात्र ने दम तोड़ दिया। चचेरा भाई भी मामूली रूप से घायल हो गया। परिजन छात्र के शव को वापस जिला अस्पताल ले गए। सूचना पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के चचेरे भाई ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। ताऊ प्रकाश ने बताया कि मृतक छात्र तीन भाइयों में सबसे छोटा है। उसके पिता स्कूल बस चलाते हैं। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया। हादसा स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।
हेलमेट पहने होता तो बच जाती जान
बागपत। सड़क हादसे का शिकार हुए छात्र सागर की जान हेलमेट न पहनने के कारण गई। यदि वह हेलमेट लगाए हुए होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। सड़क पर गिरने के बाद उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जो मृत्यु का कारण बन बई। शरीर के अन्य हिस्से में चोट का कोई निशान नहीं है।