दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव में कर्ण सिंह के आवास पर बकाया गन्ना भुगतान व सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्ची न मिलने से नाराज किसानों की बैठक हुई। चेतावनी दी कि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं कराया गया तो किसान आंदोलन शुरू करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए तेजपाल राणा ने कहा कि किसानों को गन्ना समिति से सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्चियां नहीं दी जा रही हैं। किसानों के खेतों में छिला पड़ा सामान्य प्रजाति का गन्ना सूखने लगा है। चीनी मिलों ने अभी तक गन्ने का बकाया भुगतान नहीं किया है। किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चेतावनी दी की यदि एक सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान न कराया गया तो धरना शुरू कर मिलों के खिलाफ आंदोलन शुरू कर देंगे। इस दौरान संजीव कुमार, सूबेदार प्रताप सिंह, राज सिंह, इकबाल सिंह, महेंद्र सिंह, विनोद, हरवीर आदि मौजूद रहे।