बड़ौत (बागपत)। भारतीय जनता पार्टी की बैठक में फरवरी माह में पश्चिमी उप्र के प्रबुद्ध लोगों के विशाल सम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।
लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला संयोजक आनंद जैन के प्रतिष्ठान पर आयोजित बैठक मेें भाजपा के जिला महामंत्री नीरज कौशिक ने बताया कि पश्चिम उप्र का सम्मेलन फरवरी में मेरठ या गाजियाबाद मेें होगा, इसमें समाज के प्रबुद्ध लोगों के साथ-साथ, डाक्टर, वकील, शिक्षक, लघु उद्योग से जुड़े लोग शामिल होंगे। सम्मेलन के जरिये लोगों को मोदी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। केंद्र की मोदी सरकार ने साढ़े चार साल मेें समाज के विभिन्न वर्गों और गरीबों के लिए जो काम किया, इसके बारे में लोगों को बताया जाएगा।
उन्होंने मोदी सरकार का गरीब सवर्ण लोगों को दस फीसदी आरक्षण देने के प्रस्ताव पर आभार जताया और लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इस में शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक वीपी शर्मा, विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अजित तोमर, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के राकेश धामा, चिकित्सक प्रकोष्ठ के डॉ. निमल जैन, आर्थिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक महेश गोयल, चिराग जैन, जिला विस्तारक नितिन शर्मा, लोकेंद्र सिंह, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल तोमर, पवन शामिल रहे। संचालन आनंद जैन ने किया।