बागपत। जिलेभर में निर्वाचन नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2019 के तहत तहसील क्षेत्र के 308 बूथ पर 316 युवाओं ने नई वोट के लिए आवेदन किया। एसडीएम विवेक कुमार यादव ने बूथों का निरीक्षण किया। कर्मचारियों को युवाओं की वोट के आवेदन कराने के लिए प्रेरित किया।
रविवार को जिले के सभी मतदान बूथों पर निर्वाचन नामावली के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2019 के लिए शिविर का आयोजन किया। बागपत तहसील क्षेत्र के 308 बूथ पर कैंप लगाया। शिविरों के माध्यम से 18 वर्ष पूरी करने वाले युवक और युवतियों को फार्म-6 से आवेदन कराने के लिए प्रेरित किया। एसडीएम बागपत विवेक कुमार यादव ने बूथों पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सभी बीएलओ को हिदायत दी कि शिविर में आने वाले युवा फार्म-6 भरे बिना नहीं रहना चाहिए। जो युवा एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष का हो रहा है उसकी वोट जरूर बनाए। सभी बीएलओ ईमानदारी से कार्य करें। कोई भी बिना वोट बनवाएं नहीं रहना चाहिए। सभी को वोट की अहमियत के बारे में भी बताए। एसडीएम ने बताया कि तहसील क्षेत्र के 308 बूथ पर 316 युवाओं ने नई वोट बनवाने के लिए फार्म-6 भरकर आवेदन किया। इसके अलावा 173 आवेदन वोट कटवाने के लिए फार्म-7 भरकर दिया । 17 लोगों ने अपनी वोटों में त्रुटि को दूर करने के लिए फार्म-8 भरा। शिविर कराने में 308 बीएलओ और 31 सुपरवाइजरों का सहयोग रहा।