बागपत। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेंटर पर ताला लगाने और एक्स-रे टेक्नीशियन द्वारा अभद्रता करने पर मरीजों ने जमकर हंगामा किया। डॉक्टरों पर अभद्रता करने और सही उपचार न करने का आरोप लगाया गया। सीएमओ बीएलएस कुशवाह ने आरोपों को गलत बताया।
शनिवार को अल्ट्रासाउंड यूनिट के बाहर ताला लगा दिया गया। सुबह से ही मरीज अस्पताल में अल्ट्रासांउड के लिए पहुंच रहे थे। दोपहर तक भी ताला नहीं खुला तो मरीजों के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने इसके विरोध में हंगामा करना शुरू कर दिया। डॉक्टरों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उधर एक्स-रे न होने पर मरीज भिड़ गए। टेक्नीशियन पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। दोनों मामलों को लेकर लोगों ने हंगामा किया। ट्यौढी गांव निवासी गुलशाना, मौसम, सिनौली का जगमेहर, गौरीपुर का अलीशेर सहित अमीर, गुलफाम, जावेद, रोहित, मोहित आदि मरीजों का आरोप है कि यहां के डॉक्टरों का व्यवहार मरीजों के प्रति अच्छा नहीं है। आए दिन उनके साथ अभद्रता करते हैं। यदि कोई मरीज दवा दिखाने भी डॉक्टर के पास जाता है तो उनके साथ भी व्यवहार ठीक नहीं रखते है। ट्यौढ़ी निवासी गुलशाना का कहना है कि वह एक्स-रे कराने के लिए जिला अस्पताल में आई थी, लेकिन उसको तीन से चार घंटे तक यहां बैठना पड़ा, जिस कारण परेशानी बढ़ गई। घंटों तक भी एक्स-रे नहीं किया। आरोप लगाया कि वहीं वहां मौजूद कर्मचारी ने अभद्रता करते हुए भगा दिया। मरीजों ने चेतावनी दी कि इसकी शिकायत डीएम और मुख्यमंत्री से करेंगे। उधर सीएमएस बीएलएस कुशवाह ने कहा कि अल्ट्रासाउंड के डॉक्टर अवकाश पर थे, इसलिए कर्मचारियों ने वहां ताला लगा दिया होगा। अभद्रता का आरोप गलत है। सभी मरीजों का उपचार अच्छी तरह से होता है।
----------------
डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की मांग
बागपत। वार्ड चार के पूर्व सभासद ओंकार सिंह ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपा। बताया कि जिला अस्पताल में कक्ष नंबर दस में मरीजों की भीड़ रहती है। अन्य ओपीडी में डॉक्टरों की संख्या ज्यादा, लेकिन यहां एक ही डॉक्टर मरीजों का उपचार करते है। उन्होंने डीएम से अन्य डॉक्टरों की तैनाती कराने की मांग की।