बड़ौत (बागपत)। हिंदू जागरण मंच कार्यालय में शुक्रवार को हुई बैठक में कार्यकर्ताओं ने टयौढ़ी गांव में दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले पशुओं का पुलिस के खुलासा न करने पर आक्रोश जताया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपक बामनौली ने की। संचालन अंकित बड़ौली ने किया। इसमें जिलाध्यक्ष दीपक बामनौली ने कहा दो दिन पहले टयौढ़ी गांव में चार पशु संदिग्ध परिस्थितियों मेें मृत मिले थे। इसे लेकर क्षेत्रवासियों ने हाईवे पर जाम लगाया था। बाद में सूचना पर पहुंचे हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को सीओ कर्मवीर सिंह ने मृत पड़े पशुओं का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद हाईवे जाम खुला। उन्होंने जल्द खुलासा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इसमें मधु सूदन शास्त्री, पवन प्रजापति, कपिल, पीयूष, सचिन वत्स, रोहित शामिल रहे।