बागपत। जिले में बुधवार को 64 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, एक संक्रमित की उपचार के दौरान मौत हो गई। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 8817 और 132 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में 1028 केस एक्टिव हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों को कोविड अस्पताल व होम आइसोलेट कर गलियों को सील कर दिया है। इन क्षेत्रों में आवागमन पर पाबंदी लगाकर सर्विलांस की टीम को निगरानी के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि बुधवार का दिन विभाग के लिए राहत भरा रहा। जिले में 64 लोगों में ही संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमितों की गलियों में सैनिटाइजेशन कराकर सील कर दिया है। लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए घरों में रहने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों को मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की। कंटेनमेंट क्षेत्र में सर्विलांस की टीम संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कर निगरानी करेगी। सील किए गए क्षेत्रों में आकस्मिक परिस्थितियों में ही आवागमन की छूट रहेगी। लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान किया है।