बिनौली (बागपत)।
दादरी गांव के जंगल में तेंदुए ने एक हिरण का शिकार किया। खेत में पहुंचे किसानों को देखकर तेंदुआ भाग गया। किसानों ने वन विभाग के अधिकारियों से जंगल में पिंजरा लगाने की मांग की।
बरनावा, बिनौली और दादरी के वन क्षेत्र में तेंदुए की लगातार हलचल देखी जा रही है। रविवार को सुबह दादरी गांव निवासी राम कुमार सहित अन्य कई किसान जंगल में अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान एक किसान की गन्ने के खेत में नजर पड़ी तो उसके होश उड़ गए। वहां तेंदुआ एक हिरण का शिकार कर उसे खा कर रहा था। इसी दौरान आहट पाकर तेंदुआ शिकार किए हिरण के अवशेष को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। तेंदुए के इस तरह जंगल में होने की जानकारी पर किसान घर लौट आए। किसानों ने घटना की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी और जल्द तेंदुए को काबू करने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार सूचना देने के बाद भी कोई वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।