बागपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में पंडित दीन दयाल उपाध्याय पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान खेकड़ा के ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र धामा और लोयन के प्रधान दीपक तोमर को पुरस्कार दिया। इस सूचना के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में केंद्र सरकार की ओर से पुरस्कार दिए जाने का प्रावधान है। ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायतों को यह पुरस्कार दिया जाता है। डीपीआरओ संजय कुमार यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत लोयन और क्षेत्र पंचायत खेकड़ा का चयन हुआ । मंगलवार को जबलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के चयनित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख जितेंद्र धामा और लोयन के प्रधान दीपक तोमर पुरस्कार लेने पहुंचे। ग्राम पंचायत को प्रशस्ति पत्र और 12 लाख रुपये, जबकि क्षेत्र पंचायत को प्रशस्ति पत्र और 25 लाख रुपये विकास कार्य कराने के लिए दिए हैं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के हाथों सम्मानित होने पर खुशी जताई है।