बड़ौत (बागपत)।
एक्सईएन प्रथम कार्यालय में सक्रिय दलालों द्वारा प्राइवेट लाइनमैन की मिलीभगत से उपभोक्ताओं से की जा रही अवैध वसूली के विरोध में आक्रोशित उपभोक्ताओं ने पहले कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अधिकारियों के न मिलने पर उपभोक्ताओं ने बाद मेें तहसील पहुंचकर सीडीओ सहित अन्य आला अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मांग पूरी न होने पर डीएम मुख्यालय पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
उपभोक्ताओं ने कहा एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर सक्रिय दलाल प्राइवेट लाइनमैन से मिलीभगत कर उपभोक्ताओं से नया विद्युत कनेक्शन दिलाने, त्रुटि पूर्ण बिल ठीक कराने, विद्युत कार्यालय में बिल जमा कराने, लोड बढ़ाने व घटाने सहित मीटर को नो डिस्पल व रीडिंग कम कराने सहित निजी नलकूप कनेक्शन दिलाने के बहाने अवैध वसूली कर रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत विभागीय अफसरों से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे उपभोक्ताओं मेें आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने सीडीओ चांदनी सिंह सहित एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी सहित अन्य आला अधिकारियों को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने कहा इस संबंध में शिकायत मिली है। एसई से बातचीत कर जल्द ही कार्रवाई कराई जाएगी। एक्सईएन प्रथम राहुल शर्मा ने कहा उपभोक्ताओं से अवैध वसूली बर्दास्त नहीं होगी। इनमेें अशोक, सुधीर, मनोज, विनीत, बबलू, गौरव मलिक, सन्नी चौहान, मोहित तोमर, रवि चौहान आदि रहे।