दोघट (बागपत)। निरपुड़ा गांव में हाईटेंशन विद्युत लाइन में फाल्ट होने से 80 घरों के विद्युत उपकरण फुंक गए। ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सोमवार शाम निरपुड़ा गांव में 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन में फाल्ट होने से मकानों में विद्युत उपकरण फुंक गए। एलटी लाइन में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। गांव में इंद्रपाल, लाला, सोहनवीर, यशपाल, पप्पू, किरणपाल, जय कुमार, राज सिंह, बेगराज समेत 80 घरों में विद्युत उपकरण फुंके है। टीवी, बल्ब, फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित अन्य उपकरण फुंकने से ग्रामीणों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। नाराज किसानों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि विद्युत लाइन के तार जर्जर हैं। आए दिन लाइन में फाल्ट होता रहता है। इससे पहले भी कई बार विद्युत उपकरण फुंक चुके हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।