बागपत। प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा देने की तैयारी है। जिले के नगर और ब्लॉक क्षेत्र में पांच-पांच विद्यालयों का चयन किया जाएगा। इन स्कूलों के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा दी जाएगी। कक्षा तीन तक अंग्रेजी और कक्षा चार और पांच में हिंदी और अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा दी जाएगी।
परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए शिक्षा सत्र 2017-18 से यूपी में नया प्रयोग किया जाएगा। सीबीएसई की तर्ज पर बच्चों को अब परिषदीय स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जाएगी। प्रदेश मेें पांच हजार स्कूलों का चयन होगा, जबकि प्रत्येक जिले के प्रत्येक ब्लॉक में पांच स्कूलों का चयन किया जाएगा। योजना को परवान चढ़ाने के लिए समिति का गठन किया जाएगा। इसमें प्राचार्य जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान को अध्यक्ष, बीएसए को सदस्य सचिव, राजकीय इंटर कॉलेज के अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता और अंग्रेजी विषय के विशेषज्ञ को सदस्य बनाया जाएगा। उप्र बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने बीएसए को पत्र के माध्यम से अवगत कराया। निर्देशित किया पांच-पांच विद्यालयों का चयन करें। उधर, बीएसए योगराज सिंह ने बताया कि शासनादेश मिलते ही इस पर कार्य शुरू कर दिया है। जल्द विद्यालयों का चयन कर शिक्षकों की भी चयन होगा।
अंग्रेजी विषय के साथ इंटर पास को दी जाएगी वरीयता
अंग्रेजी माध्यम के कक्षाएं संचालित करने के लिए परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों का चयन किया जाएगा। इसके लिए अध्यापकों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। प्रधानाध्यापकों का चयन प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों में से किया जाएगा। उन शिक्षकों का चयन होगा जिन्होंने अंग्रेजी विषय में इंटर पास या अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा ग्रहण की हो।
परीक्षा के बाद होगा शिक्षकों का चयन
अंग्रेजी माध्यम के विद्यालय में बच्चों को शिक्षित करने के लिए जिन अध्यापकों का आवेदन होगा, उनको लिखित परीक्षा के अलावा इंटरव्यू से गुजरना पड़ेगा। पाठ्यक्रम की जानकारी एवं समझ की शिक्षण दक्षता के साथ अंग्रेजी माध्यम में अभिव्यक्ति का परीक्षण होगा। जिन शिक्षकों के अच्छे अंक होंगे, उनको सूची तैयार करने के बाद तैनाती दी जाएगी। एक विद्यालय में एक कक्षा के लिए प्रधानाध्यापक सहित पांच शिक्षक तैनात रहेंगे। आवश्यकता के अनुरूप शिक्षकों का चयन किया जाएगा।
डायट स्तर पर होगा प्रशिक्षण
विद्यालयों के लिए चयन होने पर शिक्षकों का डायट स्तर पर प्रशिक्षण होगा, प्रशिक्षण पांच दिवसीय रहेगा। प्रशिक्षण दो चरण में होगा। जनपद स्तर पर शिक्षकों का प्रशिक्षण जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थानों में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान इलाहाबाद और राज्य शिक्षा संस्थान इलाहाबाद के नेतृत्व में होगा। 15 मार्च 2018 तक प्रशिक्षण को पूर्ण किया जाएगा। शैक्षिक सत्र 2018-19 को समारोह प्रारंभ किया जाएगा।
आठ निकाय और छह ब्लॉक में होगा चयन
जिले में तीन नगर पालिका, पांच नगर पंचायत और छह ब्लॉक हैं। इसमें पांच-पांच परिषदीय विद्यालयों का चयन होगा।