बागपत। सरूरपुर कलां गांव स्थित ईंट भट्ठा चलने की सूचना पर एसडीएम ने दमकल विभाग की टीम के साथ छापेमारी की। जांच पड़ताल करने पर पता चला कि भट्ठे को चलाने का प्रयास किया जा रहा है। कामयाब नहीं हो सके। पानी भरकर जलाई जा रही आग को बुझा दिया। साथ ही चेतावनी दी यदि भट्ठा संचालन किया तो कार्रवाई होगी।
एनजीटी के आदेश पर प्रशासन के आदेश पर जिले के भट्ठों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। अधिकांश भट्ठे बंद हैं। इक्का-दुक्का स्थानों पर चोरी छीपे ईंटों को पकाया जा रहा है। बुधवार को एसडीएम विवेक कुमार यादव को सूचना मिली सरूरपुर कलां गांव स्थित भट्ठे पर ईंटों को पकाने की तैयारी की जा रही है, इसके लिए भट्ठे में ईंधन डालकर चालू किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एसडीएम कानूनगो रोहित तोमर, लेखपाल विनोद वर्मा, ओमपाल शर्मा दमकल विभाग के साथ भट्ठे पर पहुंचे। जांच पड़ताल की गई। भट्ठे का संचालन करने का प्रयास किया जा रहा था। ईंधन डालकर भट्ठे को चालू कराने की तैयारी की जा रही थी। मौके पर पहुंचकर उसको रुकवा दिया। एसडीएम ने बताया कि दमकल की गाड़ी से भट्ठे में पानी भरवा दिया गया है, ताकि इसका संचालन न हो सके। चेतावनी दी यदि दोबारा भट्ठा चलाने करने का प्रयास किया तो कानूनी कार्रवाई कर भट्ठे को सील कर दिया जाएगा।