सीएम के पुतले को लेकर भिड़े शिक्षा मित्र और सिपाही
बागपत। समायोजन बहाल किए जाने की जिद पर अड़े शिक्षामित्रों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सीएम योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंकने की कोशिश की। पुतले को लेकर शिक्षामित्रों और पुलिस के बीच कलक्ट्रेट मेें हाथापाई हो गई। पुलिस ने हाईवे पर पुतला छीन लिया। देर रात सरूरपुर चौकी इंचार्ज ने शिक्षा मित्रों के खिलाफ तहरीर दी। चौकी इंचार्ज और महिला सिपाही का मेडिकल कराया गया। उधर, शिक्षा मित्रों ने भी पांच के घायल होने की बात कही है। शिक्षा मित्रों ने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा।
शुक्रवार को समायोजन बहाल किए जाने की जिद पर अड़े शिक्षा मित्रों ने कलक्ट्रेट मेें सीएम योगी आदित्यनाथ का पुतला तैयार किया। जैसे ही शिक्षामित्र पुतले को अर्थी पर लेकर लेकर हाईवे की तरफ बढने लगे पुलिस ने रोकने की कोशिश की। कलक्ट्रेट परिसर में शिक्षामित्र और पुलिस आमने-सामने आ गए। सरूरपुर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने शिक्षा मित्रों को रोकने का प्रयास किया। धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। शिक्षा मित्र किसी तरह पुतले को लेकर कलक्ट्रेट से हाईवे तक पहुंच गए और यहां पुतले में आग लगा दी। पुलिस ने किसी तरह आग बुझाई और पुतला छीन लिया। देर रात सरूरपुर चौकी इंचार्ज बृजपाल सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर देते हुए बताया कि शिक्षामित्र मारपीट पर उतारू हो गए। आरोपियों ने मिट्टी का तेल से पुतले में आग लगने का प्रयास किया। पुलिस वालों के साथ मारपीट की। उनकी वर्दी फाड़ने का भी आरोप है। महिला सिपाही और वह खुद घायल हो गए।
महिला सिपाही का मोबाइल भी गायब है। उधर, अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी शिक्षामित्र नेहा सुषमा, चौहल्दा निवासी सुदेश, बूढेड़ा निवासी रीता, बसी निवासी माया घायल हो गई। इससे हाईवे पर हंगामा हुआ। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया।
--------
हंगामे से हाईवे पर जाम
बागपत। इसको लेकर हाईवे पर करीब आधा घंटे तक जाम लगा रहा। सड़क के दोनो ओर वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने बड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया।
---------
मंत्री की सुरक्षा में थी पुलिस, टकरा गए शिक्षा मित्र
बागपत। श्ुाक्रवार को अधिकतर पुलिस अफसर प्रभारी मंत्री एसपी सिंह बघेल के कार्यक्रम में ड्यूटी पर थे। उधर, शिक्षामित्रों के अन्य दिनों की अपेक्षा धरने पर कम ही पुलिसबल तैनात था। यहां तैनात पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को फोन करके अफसरों से कहा कि साहब जल्दी ओर पुलिसवालों को भेज दो। शिक्षा मित्र पुतला फूंक देंगे। इसके बाद यहां पुलिस भेजी गई।
----------