दोघट/ दाहा (बागपत)। चौगामा क्षेत्र में दो दिन से हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जल भराव की स्थिति बनी हुई है। किसानों की फसलें लोट-पोट हो गई। जिससे किसानों को भारी नुकसान होने के आसार बन गए है।
क्षेत्र में हुई बारिश के चलते दोघट, पलड़ी, धनौरा, निरपुड़ा, बेगमाबाद गढ़ी, मांगरौली, दाहा, भड़ल, तमेला गढ़ी, बामनौली, गढ़ी कांगरान, आजमपुर मुलसम आदि गांवों में जल भराव की समस्या पैदा हो गई है। गांवों की अधिकांश गलियां पानी से लबालब रही। दोघट थाना परिसर में पानी घुसने के कारण पुलिस कर्मी ही नहीं फरियाद लेकर आए व्यक्ति भी परेशान रहे। वहीं किसानों के खेतों में खड़ी ज्वार, गन्ने, बाजरा, अरहर आदि की फसलें लोट पोट हो गई है। इससे किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों के अनुसार गन्ने की फसल की बंधाई करा ली जाएगी, लेकिन चारे की फसल ज्वार, बाजरा गिरने से पशुओं के लिए चारे का संकट खड़ा हो जाएगा।