बागपत। सिंघावली अहीर के एक कॉलेज ने दो छात्रों की बिना दाखिले के छात्रवृत्ति हड़प ली । समाज कल्याण अधिकारी ने छात्रवृत्ति की रिकवरी के निर्देश दिए हैं।
सिंघावली अहीर गांव स्थित श्रीकृष्णा कॉलेज ऑफ एजूकेशन एंड टेक्नोलॉजी पर शामली की छात्रा रेणू और हापुड़ के छात्र पंकज कुमार ने बिना दाखिले के छात्रवृत्ति हड़पने की शिकायत की । डीएम ने शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन दिया और इसकी जांच सीडीओ को करने के निर्देश दिए। डीडीओ से इसकी जांच कराई तो सच्चाई सामने आई। छात्रवृत्ति हड़पने के मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी। जिला समाज कल्याण अधिकारी विमल कुमार ढाका ने बताया पंकज कुमार से बीटेक दर्शाकर 64,350 रुपये और रेनू कुमारी से पालीटेक्निक कोर्स से 32,180 रुपये की छात्रवृत्ति हड़प ली गई है। उन्होंने कालेज के प्राचार्य और सचिव को नोटिस जारी कर दोनों छात्रों की 96530 रुपये की छात्रवृत्ति का ड्राफ्ट जमा करने के निर्देश दिए हैं।