बागपत। सरूरपुर कलां गांव में आवारा घूमने वाले पशु खुरपका-मुंह पका रोग की चपेट में आ गए है। जिसकी सुध पशु चिकित्सा विभाग नहीं ले रहा है। जिस कारण जान जाने का पूरा अंदेशा बना हुआ है। इससे गांव के लोगों में भी आक्रोश व्याप्त है। सुभाष नैन, नरेश, बबलू, राजेंद्र, धर्मवीर, केपी सिंह, कोमिल नैन ने बताया कि गांव में 100-150 आवारा गोवंश है। सभी चुस्त और दुरूस्त है। अचानक इनमें बीमारियां होनी शुरू हो गई है। गांव के प्राइवेट पशु के चिकित्सकों से उपचार करवाया तो पता चला खुरपका-मुंहपका रोग की जकड़ में आ गए है। जिससे ग्रामीणों में भी दहशत फैल गई है। उन्होंने बताया कि इन गोवंशों से पालतू जानवर भी रोग की चपेट में आ सकते है। आरोप लगाया कि गांव में जो पशु स्वास्थ्य केंद्र है यहां पर डॉक्टर नहीं बैठते है। जिस कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्राइवेट डॉक्टरों के पास पशु पालक जाने को मजबूर है। चेतावनी दी जल्द पशु चिकित्सा विभाग ने गोवंशों का इलाज नहीं किया तो दफ्तर के बाहर धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।