बड़ौत (बागपत)। विगत तीन दिन से किरठल गांव सहित क्षेत्र में ठप पड़ी हुई बीएसएनएल सेवा के विरोध में किरठल गांव में लोगों ने प्रदर्शन किया। साथ ही समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बुधवार को काफी संख्या में लोग समाजसेवी पुष्पेंद्र चौहान के नेतृत्व मेें एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि किरठल सहित क्षेत्र के दर्जनों गांवों मेें बीएसएनएल सेवा विगत तीन दिन से ठप पड़ी है, जिस कारण न तो लोग इंटरनेट से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठा पा रहे हैं और न ही अपने परिचित व रिश्तेदारों को फोन कर पा रहे हैं। वहीं बीएसएनएल सेवा ठप होने से क्षेत्र में स्थित बैंकों में लेन-देन का कार्य प्रभावित हो रहा है। इसे लेकर ग्राहकों में भी आक्रोश पनपता जा रहा है। इसके अलावा जनसेवा केंद्र संचालकों को भी सेवाएं ठप होने से अभ्यर्थियों के फार्म भरने मेें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन में आकाश, धर्मेंद्र, गौरव, नीरज, सतेंद्र, प्रताप, अरविंद, सुभाष, बालेंद्र, रामवीर, सत्यम, सागर आदि रहे।