बागपत। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के कार्यकर्ताओं ने डीआईओएस दफ्तर में चार सूत्रीय मांगों को लेकर दफ्तर में धरना प्रदर्शन किया। मांग पूरी न होने पर लोकसभा चुनाव में भाजपा के विपक्ष में मतदान करने की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को डीआईओएस दफ्तर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। मंडल प्रभारी नीरज ने बताया कि काफी समय से शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की मांगों को नहीं पूरा किया जा रहा है। उन्होंने मांग है शिक्षक पदों पर पदोन्नति, अर्जित अवकाश का नकदीकरण, भर्ती पर लगी रोक हटाने, चिकित्सा सुविधा प्रदान करने, पुरानी पेंशन बहाली की जाए।
प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि मांगों पर जल्द शासनादेश जारी नहीं किया गया तो सभी कर्मचारी लोकसभा चुनाव में भाजपा के विपक्ष में मतदान करेंगे। जिलाध्यक्ष रविंद्र शर्मा ने कहा कि यदि इंटर कॉलेज धनौरा सिल्वरनगर में लिपिक पद पर पदोन्नति शीघ्र नहीं की गई एवं प्रबंध संचालक को नहीं हटाया गया तो शिक्षणेत्तर कर्मचारी जिविनि कार्यालय पर प्रत्येक बुधवार को धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान राजीव मान, राजकुमार, अश्वनी कंसल, नीरज, शीशपाल, शशिकांत शर्मा, सहंसरपाल मौजूद रहे।
शिक्षकों ने की वेतन दिलाने की मांग
बागपत। खेकड़ा क्षेत्र एमएम इंटर कॉलेज के चार शिक्षकों देवदत्त शर्मा, राजेश कुमार गौड़, नीरज वत्स, हरिप्रकाश शर्मा ने डीआईओएस को शिकायती पत्र सौंपकर वेतन दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट का आदेश होने के बाद भी उन्हें वेतन नहीं दिया जा रहा है।