बागपत। सरूरपुर कलां गांव में होली का हुड़दंग शुरू हो गया है। गांव की चौपाल की छत पर बाइक के ऊपर बाइक खड़ी कर दी गई, ट्रैक्टर के ऊपर बाइक चढ़ा दी। यही नहीं उपलों से भरी बुग्गी को छत पर खड़ी कर उसके ऊपर चारपाई खड़ी कर दी। दीवारों पर चारपाई लटका दी।
होली की मस्ती युवाओं के सिर चढ़कर बोली। बृहस्पतिवार को होली का हुड़दंग सरूरपुर कलां गांव में देखने को मिला। होली के हुड़दंगियों ने भूमिया चौपाल की छत पर बाइक खड़ी कर दी। इसे देखने के लिए लोगों को ताता लगा रहा। वहीं पास में ही एक घर पर उपलों से भरी बुग्गी को छत पर खड़ी कर दी, इसके ऊपर चारपाई खड़ी कर दी। इतना ही नहीं चौपाल में ट्रैक्टर खड़ा करके उसके ऊपर एक बाइक को खड़ा कर दिया। आते-जाते लोग इनको देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं। प्रत्येक होली के त्योहार पर गांव में इस तरह से हुड़दंग मचाया जाता है। इन सब नजारों को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचे। मोबाइल में इन्हें कैद किया। इसके अलावा कुछ स्थानों पर भी कुछ इसी तरह के दृश्य देखने को मिले।