बड़ौत (बागपत)। आरसी जारी होने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मलकपुर मिल में छापा मारा और वहां आरोपियों की तलाश की। देर शाम तक पुलिस का अभियान जारी रहा।
मलकपुर चीनी मिल पर पेराई सत्र 2017-18 के 244 करोड़ रुपये बकाया हैं। हाईकोर्ट ने भुगतान न किये जाने पर डीएम और डीसीओ को तलब किया । गन्ना आयुक्त संजय भूसा रेड्डी ने गन्ने का बकाया भुगतान न चुकाने पर मिल की आरसी जारी की । शनिवार को डीएम के अनुमोदन के बाद सहकारी गन्ना विकास समिति मलकपुर के सचिव ओमप्रकाश ने चीनी मिल अध्याशी राज कुमार शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया । सोमवार की शाम आरसी जारी होने पर एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने तहसील से नायब तहसीलदार धर्मेंद्र, संग्रह अमीन पंकज शर्मा समेत पांच सदस्यों की टीम को मिल में छापेमारी के लिए भेजा। उन्होंने कहा मिल में जो भी अधिकारी मिले उसे तहसील लॉक अप में बंद कर दें। टीम जैसे ही मलकपुर चीनी मिल पहुंची तो वहां अफरातफरी मच गई और अधिकारी भाग निकले। टीम का देर रात तक मिल परिसर में छापा मारने की कार्रवाई जारी रही। रात में एसडीएम अरिवंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि टीम को भेजा गया था, कि लेकिन वहां कोई नहीं मिला। सभी भाग निकले। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। मिल के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। टीम वापस लौटकर आ गई है।