बड़ौत। एक व्यक्ति से नकली सोना देकर पांच लाख की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर ठगी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बूढपुर निवासी जयकुमार ने तहरीर देकर बताया कि आठ फरवरी को वह किसी काम के लिए बड़ौत आया हुआ था। इस दौरान एक व्यक्ति मिला और सोने का एक असली टुकड़ा देकर खरीदने की बात कही। बताया कि मेरे पास बहुत सोना है, लेकिन किसी मजबूरी के चलते सोना बेच रहा हूूं, मुझे नकद धनराशि की जरूरत है।
पीड़ित ने बताया कि सोने के टुकड़े की जांच कराई तो वह असली निकला। 10 फरवरी को फिर से उसका फोन आया और दो किलो सोना मात्र पांच लाख रुपये में देने की बात कहकर बड़ौत बुला लिया।
पांच लाख रुपये लेकर बड़ौत पहुंचा, जहां दो व्यक्ति मिले। जिन्होंने पांच लाख रुपये लेकर सोना दे दिया। बाद में चेक कराया तो सारा सोना नकली मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।