बागपत। डीजे बजाने और दहेज लेने पर निकाह का मुस्लिम धोबी समाज बहिष्कार करेगा। मुस्लिम धोबी समाज के सम्मेलन में यह फैसला लिया गया है। सम्मेलन में समाज से अन्य कुरीतियों को दूर करने और हिंदू-मूस्लिम भाईचारे को बढ़ाने की अपील भी की गई।
शहर स्थित माही गार्डन में रविवार को मुस्लिम धोबी समाज के सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. कय्यूम ने कहा कि निकाह में फिजूल खर्च खूब किया जा रहा है। मोहल्ले में खूब सजावट कराई जाती है और बड़ी दावत की जाती है तो डीजे पर भी खूब पैसा खर्च किया जाता है। इस तरह से पैसा खर्च करने की जगह आराम से निकाह कराया जाए और उस पैसे को लड़कियों को शिक्षित व गरीब बेटियों की शादी में जरूरी सामान देकर खर्च किया जाए। समाज की बेहतरी के लिए अगर कोई अपना पसीना गिराता है तो हम अपना खून गिराएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर कस्सार ने कहा कि समाज के युवाओं को खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करें और उनको पढ़ा-लिखाकर रोजगार की तरफ बढ़ाएं। यातायात नियमों का पालन किया जाए और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज को दिलाया जाए।
जिलाध्यक्ष इमरान कस्सार ने कहा कि समाज के लोगों ने सम्मेलन में लिए फैसलों पर अमल करने की बात कही है। जिससे उन फैसलों से समाज के लोगों को फायदा मिल सके।
इस दौरान नवाब राणा, नदीम राणा, फुरकान, मोहम्मद इरशाद कस्सार, आसिफ कस्सार, मौलाना अनवारूल हक, कारी कासिम अली, सिराजुद्दीन, गयूर, आबिद, मांगे खान, बाबू भारती, मोहसीन, यूनुस, अली मोहम्मद, इरफान कस्सार मौजूद रहे।