बागपत। अमर उजाला फाउंडेशन की अनूठी पहल अपराजिता : 100 मिलियन स्माइल्स के तहत बालिका दिवस पर बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ के संकल्प के साथ जागरूकता रैली निकाली। इस मौके पर डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने कहा कि दृढ़ संकल्प के साथ प्रत्येक व्यक्ति को अभियान में हिस्सेदारी करनी होगी। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने युवाओं से समाज में जागरूकता लाने का आह्वान किया।
बृहस्पतिवार को एसपीआरसी डिग्री कॉलेज में बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ और बेटी ही बचाएगी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया। शहर के नौ स्कूलों की 700 से अधिक छात्राओं ने समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया। डीएम ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में बेटियों की घटती संख्या भविष्य के लिए चिंता की वजह है। समाज को इस विषय पर गहराई से चिंतन के अलावा खुलकर बातें करने की जरूरत है। विचारों के खुलेपन से समाज को नई दिशा मिलती है।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि युवाओं का कर्तव्य है कि घर से लेकर स्कूल और समाज में जागरूकता का संदेश दें। बेटी ही बचाएगी जैसे अभियान समाज के सहयोग से ही सफलता हासिल कर सकते हैं। बेटियों ने हर क्षेत्र में सफलता हासिल की है और सफलता को बनाए रखना है।
सीडीओ पीसी जायसवाल ने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं है। लड़कियों का खुद से ही मुकाबला है। शिक्षा हासिल करें और घर से निकलकर आसमान को छू लेने का काम करें। डीएम और एसपी ने कॉलेज से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एसडीएम विवेक कुमार यादव, परियोजना निदेशक एमएल पटेल, तहसीलदार रामनयन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी विमल ढाका, डॉ. अनिल चौहान, डॉ. विद्योत्तमा, सेंट एंजल्स पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अजय गोयल, प्रदीप ढाका, अरविंद कुमार, अंकित धामा, मुकेश कुमार, अंकित धामा, संदीप चौधरी, लेखपाल स्वर्ण सिंह यादव मौजूद रहे। संचालन देवेंद्र आर्य ने किया।
बेटियों ने बनाई मानव श्रृंखला
बागपत। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ रैली में एसपीआरसी डिग्री कॉलेज से चमरावल रोड से होते हुए शहर के राष्ट्र वंदना चौक पहुंची। यहां पर छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाई। संकल्प किया कि समाज में जागरूकता करेंगे। इसके बाद रैली दिल्ली रोड से होते हुए वापस कॉलेज पहुंची।
अभियान में यह रहे हमकदम
बागपत। अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर जिला समाज कल्याण विभाग ने जागरूकता रैली में सहयोग किया। समाज कल्याण अधिकारी विमल कुमार ढाका ने छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज को ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य करती हैं। इसके अलावा सेंट एंजल्स पब्लिक स्कूल, गेटवे इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज, स्यादवाद इंस्टीट्यूट बागपत, लक्ष्य पब्लिक स्कूल, सर्वोदय पब्लिक स्कूल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बागपत, जैन इंटर कॉलेज बागपत और प्रधानमंत्री कौशल केंद्र बागपत की करीब सात सौ छात्राओं ने शपथ ग्रहण समारोह और जागरूकता रैली में हिस्सेदारी की।
हेल्प लाइन 181 ने किया जागरूक
बागपत। महिला हेल्प लाइन 181 की क्षेत्रीय सुगमकर्ता रश्मि सिंह, रीता, खुशनसीब ने कार्यक्रम में पहुंचकर छात्राओं को जागरूक किया। परिवीक्षा अधिकारी ममता शर्मा मौजूद रही। इसके अलावा प्रधानमंत्री कौशल केंद्र के प्रबंधक राकेश पांडे, विशाल शर्मा, ज्योति शर्मा, प्रतिभा सिंह, वेदव्रत आर्य, सचिन तोमर, बिजेंद्र रावत, रिजवाना, पूजा, सोनिया, प्रदीप और देवेंद्र मौजूद रहे।